ओरियन शिक्षण संस्थान में 200 से अधिक छात्रों को मिला सर्टिफिकेट, उच्च शिक्षा के प्रति किया गया जागरूक

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। जहानाबाद जिले के गोविंदपुर स्थित ओरियन शिक्षण संस्थान, जी+2 पुस्तकालय भवन में सर्टिफिकेट वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एरिस्टो फार्मा के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) विभाग एवं एरिश्मा चैरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई द्वारा ओरियन शिक्षण संस्थान के सहयोग से किया गया। समारोह में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं को सर्टिफिकेट प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

यह कार्यक्रम एरिस्टो फार्मा के प्रबंध निदेशक (MD) उमेश शर्मा उर्फ भोला बाबू के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर करना था।

सर्टिफिकेट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन के दौरान शिक्षा के महत्व, करियर निर्माण और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है तथा प्रत्येक छात्र को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम के सफल संचालन में एरिस्टो फार्मा के CSR विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राहुल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी निगरानी में पूरे कार्यक्रम का सुव्यवस्थित संचालन किया गया। इसके अलावा CSR विभाग से जुड़े साकेत कुमार, अनुराग गुंजन एवं अभिषेक कुमार ने भी आयोजन को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।

ओरियन शिक्षण संस्थान की ओर से सुदीप पत्रा, अर्पित कुमार एवं अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं को संभाला और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं स्थानीय स्तर पर बी.बी.एम. कॉलेज, जहानाबाद के वाइस प्रिंसिपल सतीश कुमार तथा गोविंदपुर निवासी अविनाश कुमार का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

आयोजकों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऐसे छात्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है, जो सामाजिक या आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को शिक्षा और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। सर्टिफिकेट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए आयोजकों का धन्यवाद देते हुए इसे अपने भविष्य के लिए प्रेरणादायक बताया।

Leave a Comment