अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के हिलसा प्रखंड स्थित कपसियावां पंचायत के नोनिया बिगहा प्राथमिक विद्यालय में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पदस्थापित प्रधान शिक्षक स्वर्गीय शशिभूषण पासवान की मृत्यु के बाद भी उनके बैंक खाते में लगातार वेतन भुगतान किए जाने का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधान शिक्षक शशिभूषण पासवान 4 नवंबर 2025 को चुनाव ड्यूटी के लिए जाते समय रास्ते में अचानक पेट दर्द से पीड़ित हो गए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 6 नवंबर 2025 को उनका निधन हो गया। बताया जाता है कि मृत्यु की सूचना संबंधित विभाग को समय पर दे दी गई थी, बावजूद इसके उनके बैंक खाते में नियमित रूप से वेतन का भुगतान जारी रहा।

मामले के उजागर होने के बाद स्वर्गीय पासवान के बैंक खाते के संचालन पर रोक लगा दी गई। आरोप है कि इसके साथ ही उनके परिजनों को मिलने वाले सेवांत लाभ और पेंशन से जुड़े मामलों को भी लंबित कर दिया गया है, जिससे परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में तेजस्वी फैंस एसोसिएशन की सचिव गायत्री देवी ने क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, पटना प्रमंडल को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने नालंदा के जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को शीघ्र पेंशन एवं अन्य लाभ दिलाने का आग्रह किया है।





