हरिओम कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के अस्थावां बाजार की एक पीड़ित विवाहिता ने न्याय की गुहार लगाते हुए शुक्रवार को आरक्षी अधीक्षक (एसपी) को आवेदन सौंपा है। पीड़िता काजल कुमारी, पिता दिनेश शर्मा की पुत्री है।
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि उसकी शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व शेखपुरा जिले के जयरामपुर थाना क्षेत्र के पाकपर गांव निवासी सुधीर ठाकुर के पुत्र आनंद ठाकुर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह के कुछ महीनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे।
काजल कुमारी का आरोप है कि पति आनंद ठाकुर सहित ससुराल के अन्य सदस्य अक्सर गाली-गलौज करते थे, मारपीट करते थे तथा दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।

इस संबंध में पीड़िता ने पहले बिहारशरीफ स्थित महिला थाना, नालंदा में आवेदन दिया था। इस मामले में 20 जनवरी 2026 को कांड संख्या 05/2026 दर्ज किया गया, जिसमें पति आनंद ठाकुर, ससुर सुधीर कुमार, सास सुषमा देवी तथा गोतनी प्रीति देवी (पति शेखर शर्मा) सहित अन्य पर बीएनएस 2023 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।
पीड़िता का कहना है कि मामला दर्ज हुए कई महीने बीत जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। साथ ही उसने आरोप लगाया कि उसके भैंसूर शेखर शर्मा द्वारा फोन के माध्यम से परिजनों को केस से नाम हटवाने की बात कही गई है, जिसका साक्ष्य भी उनके पास मौजूद है।
पीड़िता ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।







