बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत बेना थाना के सिरनावां गांव में लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद ने शुक्रवार की रात हिंसक रूप ले लिया। एक कट्ठा जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक ही परिवार के आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
घायलों की पहचान सुशीला देवी, मदन तांती, मारुति तांती, धर्मेंद्र कुमार, अनंत तांती और पूजा देवी के रूप में की गई है। सभी घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल मदन तांती ने बताया कि वह शुक्रवार की देर शाम ऑटो चलाकर घर लौटा था। इसी दौरान गोतिया के कुछ लोग उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। मदन का आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग शराब के नशे में थे और अचानक लाठी-डंडे तथा कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। शोर सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया गया।
हमले में मदन तांती के सिर पर गंभीर चोट लगी और उसका सिर फट गया। वहीं उसकी मां, पत्नी, भाई और अन्य परिजनों को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों के अनुसार हमले के दौरान महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया और उन्हें भी बेरहमी से पीटा गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि करीब एक कट्ठा जमीन को लेकर पिछले पांच-छह महीनों से विवाद चल रहा है। इस मामले को लेकर कई बार पंचायत स्तर पर समझौते की कोशिश हुई, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। मदन तांती ने आरोप लगाया कि करीब डेढ़ माह पहले भी इसी जमीन विवाद को लेकर उसकी पत्नी के साथ मारपीट की गई थी। इसके बावजूद विवाद लगातार बढ़ता गया। अब आरोपी पक्ष द्वारा केस नहीं करने और समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। सदर डीएसपी-2 संजय जायसवाल ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुधीर ताती और ज्वाला ताती को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
डीएसपी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित स्थिति बनी हुई है।
जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: सिरनावां में एक ही परिवार के 6 लोग घायल, दो आरोपी गिरफ्तार
Written by Sanjay Kumar
Published on:







