राजगीर (अपना नालंदा)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, आयुध निर्माणी नालंदा, राजगीर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने पटना संभागीय खेल प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। एथलेटिक्स और क्रिकेट समेत विभिन्न खेल विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय देते हुए कई पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बना हुआ है। प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय में खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा उन्हें सम्मानित किया गया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा सुरभि भारती ने अंडर-14 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सभी ने सराहना की। वहीं अंडर-17 वर्ग में श्रेया कुमारी ने एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अंडर-19 वर्ग में सुप्रिया कुमारी ने लंबी कूद प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त किया। इसके अलावा प्रत्युष रंजन ने अंडर-17 वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

दूसरी ओर विद्यालय की अंडर-14 क्रिकेट टीम ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम के कप्तान अभिज्ञान हर्ष के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में दमदार खेल का प्रदर्शन किया और संभागीय स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया। टीम में अभिनव राज, शांतनु राज, आदित्य राज, अभिसार राज, रिशु कुमार, आदित्य कुमार, राजवीर सिंह, गणेश वशिष्ठ, शिवम कुमार एवं अराध्य मिश्रा शामिल थे। खिलाड़ियों के खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना की सभी ने प्रशंसा की।
विद्यालय के प्राचार्य विवेक किशोर ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी विद्यालय की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं और शिक्षकों का सम्मान भी बढ़ाते हैं। उन्होंने खेल प्रभारी बिल्टन की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण में संरक्षक अमरदीप कुमार (क्रिकेट), शहबाज़ कमाल (वॉलीबॉल), आरती कुमारी (खो-खो), रूबी कुमारी तथा सतीश कुमार (एथलेटिक्स) की भूमिका भी सराहनीय रही। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावकों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







