अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। राजकीय राजगीर मलमास मेला 2026 के उद्घाटन अवसर पर रविवार को बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी तथा ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने संयुक्त रूप से जीविका दीदी की रसोई का फीता काटकर शुभारंभ किया।
जीविका की इस विशेष पहल का उद्देश्य मलमास मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को सस्ती एवं शुद्ध भोजन व्यवस्था उपलब्ध कराना तथा जीविका दीदियों को रोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने बताया कि मेला क्षेत्र के 25 चिन्हित स्थानों पर दीदी की रसोई स्थापित की गई है। यहां श्रद्धालुओं को मात्र 35 रुपये प्रति प्लेट की दर से पांच रोटी, सब्जी, अचार और मिर्च सहित स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही भोजन करने के बाद श्रद्धालु अवसान स्थल में नि:शुल्क विश्राम भी कर सकते हैं।
इस योजना से बड़ी संख्या में जीविका दीदियों को रोजगार मिला है। भोजन परोसने के लिए उपयोग किए जा रहे पत्तल भी जीविका समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा मसाले, आटा और अन्य सामग्री भी दीदियों के माध्यम से ही उपलब्ध कराई जा रही है।
नालंदा जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि मलमास मेला के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए और उनके हाथों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।







