मोहम्मद जियाउद्दीन
इस्लामपुर (अपना नालंदा)। इस्लामपुर नगर परिषद क्षेत्र के मलिकसराय मोहल्ला स्थित तीनमुहानी के समीप मां काली मंदिर मंडप के पास सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि छोटे-बड़े वाहन चालक मनमाने ढंग से सड़क पर वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और आवागमन बाधित होता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह स्थान पटना, बिहारशरीफ, जहानाबाद समेत कई महत्वपूर्ण मार्गों के लिए वाहनों के संचालन का प्रमुख केंद्र है। इसके बावजूद सड़क किनारे और बीच मार्ग में वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे अक्सर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पैदल चलने वाले राहगीरों, दुकानदारों तथा मां काली मंडप में पूजा-अर्चना करने आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि यदि किसी वाहन चालक को गलत तरीके से वाहन खड़ा करने से रोका जाता है तो कई बार वे दुर्व्यवहार करने लगते हैं। विरोध करने पर विवाद और मारपीट की नौबत तक आ जाती है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन पर भी उदासीनता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वाहन पड़ाव से नगर परिषद को राजस्व प्राप्त होता है, इसके बावजूद अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने तथा सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
मलिकसराय तीनमुहानी पर अवैध वाहन पड़ाव से बढ़ी लोगों की परेशानी
Written by Sanjay Kumar
Published on:







