सुभाष कुमार रजक
बिहारशरीफ(अपना नालंदा) । इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रभाव पूरे दक्षिण बिहार क्षेत्र में देखा जा रहा है। राजगीर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है, और आने वाले दिनों में इसमें और वृद्धि की संभावना है। बिहार मौसम सेवा केंद्र के दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार, तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा और दोपहर के समय लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
इस मौसमीय परिस्थिति को देखते हुए पर्यटकों और वन्यजीवों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। पिछले वर्ष की भांति इस बार भी राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी के संचालन समय में बदलाव किया गया है।
24 अप्रैल 2025 से अगले आदेश तक:
- जू सफारी और नेचर सफारी का संचालन प्रातः 6:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया जाएगा।
- पर्यटकों को सफारी परिसर में प्रवेश की अनुमति दोपहर 12:00 बजे तक ही दी जाएगी।
- यह फैसला गर्मी और लू की गंभीरता को देखते हुए लिया गया है, जिससे पर्यटकों और वन्यजीवों को अत्यधिक तापमान से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।
पर्यटकों को दी गई सलाह:
- भ्रमण के दौरान हल्के और सूती कपड़े पहनें।
- पानी की पर्याप्त मात्रा साथ रखें।
- धूप से बचने के लिए छाता, टोपी या गमछे का प्रयोग करें।
- शरीर में निर्जलीकरण से बचने के लिए बार-बार पानी पिएं।
- अत्यधिक गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी के साथ भ्रमण कराएं।
उपरोक्त आदेश राजगीर जू सफारी निदेशक राम सुंदर एम तथा वन प्रमंडल पदाधिकारी राजकुमार एम द्वारा संयुक्त रूप से जारी किया गया है। वन विभाग और जू सफारी प्रबंधन ने पर्यटकों से सहयोग की अपील की है ताकि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




