संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। शहर के मंगला स्थान स्थित 57 नंबर पिलर के पास न्यूरो प्लस हॉस्पिटल में रविवार को न्यूरो विशेषज्ञ डॉ. राजीव कुमार रंजन द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें करीब 150 अक्षम एवं असहाय रोगियों का मुफ्त इलाज और परामर्श किया गया।
डॉ. राजीव कुमार रंजन ने बताया कि शिविर में लगभग पांच से छह हजार रुपये तक की कई महत्वपूर्ण जांचें निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इसमें बीएमडी के माध्यम से हड्डियों की मजबूती की जांच, नसों की जांच तथा ब्लड शुगर की जांच शामिल थी।
शिविर के दौरान ब्रेन ट्यूमर, सिर में चोट, लकवा, लगातार सिर दर्द, मिर्गी, दिमाग में पानी भरना, रीढ़ की हड्डी में चोट, स्लिप डिस्क, साइटिका, नसों का सुन्न होना, हाथ-पैर में झनझनाहट, कमर दर्द और गर्दन दर्द जैसे रोगों के मरीजों को समुचित जांच एवं निःशुल्क परामर्श दिया गया।

इलाज कराने पहुंचे मरीजों में डीएसपी से सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी हरिवंश प्रसाद, शिवनंदन शर्मा, सर्वोदय नगर निवासी कांति देवी तथा शिक्षक अजय कुमार ने बताया कि डॉ. राजीव कुमार रंजन मरीजों को पर्याप्त समय देकर बीमारी के हर पहलू को ध्यानपूर्वक समझते हैं और फिर उपचार की सलाह देते हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. राजीव की यही विशेषता उन्हें अन्य चिकित्सकों से अलग बनाती है। मरीजों ने अस्पताल के स्टाफ के सहयोगी और अनुशासित व्यवहार की भी सराहना की। शिविर में पहुंचे लोगों ने डॉ. राजीव कुमार रंजन की सेवा भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की।







