बिहार पुलिस में चयनित 13 युवाओं का हिलसा में सम्मान समारोह

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हिलसा (अपना नालंदा)। बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 में सफल हुए 13 छात्र-छात्राओं को मंगलवार को हिलसा में आयोजित सम्मान समारोह में अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चयनित अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा अन्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रेरित करना था।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य पार्षद धनंजय कुमार, युवा जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास कुमार, समाजसेवी डॉ. आशुतोष कुमार मानव, शिक्षाविद् निलेशानंद, मनोहर कुमार, मनीष कुमार और गुड्डू कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य पार्षद धनंजय कुमार ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास से ही लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि हिलसा नगर परिषद युवाओं और विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। अनुमंडलीय पुस्तकालय का जीर्णोद्धार कराया गया है तथा स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए इंडियन पार्क और फिटनेस पार्क विकसित किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ भी दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस सेवा में चयनित युवाओं की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना भी है।
सम्मानित अभ्यर्थियों में राकेश कुमार, सौरभ कुमार, रौनक कुमार, रिशु कुमार, विष्णु कुमार, आलोक कुमार, साजन कुमार, रोहित कुमार, सुरेंद्र कुमार, विकास कुमार, सरीता कुमारी, प्रीति कुमारी और प्रिया कुमारी शामिल रहीं। सभी को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Comment