अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चंडी में उमड़ा उत्साह, खिलाड़ियों और युवाओं ने लिया स्वस्थ भारत का संकल्प

Written by Sanjay Kumar

Published on:

चितरंजन कुमार
चंडी (अपना नालंदा)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चंडी प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड स्तरीय स्टेडियम (बापू हाई स्कूल मैदान) में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। नालंदा लक्ष्य खेल अकादमी, चंडी के तत्वावधान में तथा रुद्रांश फिजिकल अकादमी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, युवाओं, दिव्यांग खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह योग शिविर Special Olympics Bharat, Paralympic Committee of India एवं Deaf Council of India के बैनर तले आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों एवं युवाओं को योग के प्रति जागरूक करना, शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना तथा चंडी एवं आसपास के क्षेत्रों में खेल एवं दिव्यांग खेल संस्कृति को बढ़ावा देना था।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का प्रशिक्षण दिया गया। कोच अमित पांडे, साजन कुमार, पुरुषोत्तम कुमार एवं योग प्रशिक्षक सविता कुमारी पांडे ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर एकाग्रता और आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, पुलिस, सेना एवं अर्धसैनिक बलों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए योग अत्यंत लाभदायक है, क्योंकि इससे शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक मजबूती भी विकसित होती है।
कार्यक्रम में प्रेम सुधा कुमारी, रजनी कुमारी, सुमिन्ता कुमारी, प्रियंका कुमारी, सुप्रिया कुमारी, प्रिया कुमारी, आकर्षण कुमार एवं जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अलावा कोच, रेफरी, मैनेजर एवं खेल प्रेमियों ने भी योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for One Earth, One Health” (एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग) पर विशेष चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक और वैश्विक कल्याण का भी आधार है। योग व्यक्ति, समाज और प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने, नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अकादमी के प्रतिनिधियों ने बताया कि भविष्य में भी खेल, योग एवं दिव्यांग खेलों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम में नालंदा लक्ष्य खेल अकादमी का मूल मंत्र “लक्ष्य आपका – प्रयास हमारा – सफलता आपकी” तथा स्लोगन “करें योग, रहें निरोग”, “योग अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं” और “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। योग शिविर का समापन सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ भारत के संकल्प और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Comment