बिहारशरीफ मंडल कारा में जिला प्रशासन की सुबह चार बजे औचक छापेमारी

Written by Sanjay Kumar

Published on:

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित मंडल कारा में शुक्रवार की अहले सुबह जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से औचक छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से जेल प्रशासन और बंदियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के निर्देश पर सुबह करीब चार बजे पुलिस और प्रशासन की टीम भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मंडल कारा पहुंची। उस समय अधिकांश बंदी अपने-अपने वार्ड में सो रहे थे। पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में जवानों ने जेल के प्रत्येक वार्ड और बैरक की सघन तलाशी ली।


करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान के दौरान जेल परिसर की बारीकी से जांच की गई। सुबह लगभग साढ़े छह बजे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मंडल कारा पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने करीब बीस मिनट तक जेल का निरीक्षण किया और इसके बाद वहां से रवाना हो गए।

Married Woman Appeals to SP Over Lack of Action in Dowry Harassment Case


छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। इस अभियान में एडीएम, सदर एसडीओ, अपर पुलिस अधीक्षक समेत साइबर, विधि-व्यवस्था, मुख्यालय और सुरक्षा से जुड़े कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। इसके अलावा दीपनगर, बिहार, लहेरी और नालंदा थाना सहित कई थानों की पुलिस तथा पुलिस लाइन के जवान भी तैनात किए गए थे।
करीब एक सौ से अधिक पुलिस जवानों की मौजूदगी में चले इस अभियान के दौरान जेल से किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं होने की जानकारी मिली है। फिलहाल मंडल कारा में लगभग नौ सौ से अधिक बंदी निरुद्ध हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment