अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को नालंदा जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा राजेंद्र आश्रम, धनेश्वर घाट, बिहारशरीफ में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार की कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए इसे लोकतंत्र और युवाओं की आवाज पर हमला बताया।
जिलाध्यक्ष विवेक सिन्हा ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार और भविष्य की मांग कर रहे अभ्यर्थियों पर इस प्रकार की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि नालंदा जिला कांग्रेस कमिटी TRE-4 अभ्यर्थियों के साथ मजबूती से खड़ी है। यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर व्यापक जन आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा युवाओं, छात्रों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी बिहार में बढ़ती बेरोजगारी और सरकारी उदासीनता पर चिंता जताई। इस अवसर पर विमल, राज कुमार, इमरान खान, इंजीनियर टिपू, रवि कुमार सिंह, अजित कुमार, विवेक पासवान सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।







