सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। घटना थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव की है, जहां घर के सदस्य इलाज के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित सुनील सिंह, पिता स्व. धीरीन्दन उर्फ नेहाल सिंह, निवासी कोल्हुआ गांव ने बताया कि 18-19 जून की रात परिवार के सभी सदस्य उनकी मां को इलाज के लिए बिहारशरीफ लेकर गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर के अंदर प्रवेश कर गए।
चोरों ने घर में रखी गोदरेज अलमारी को निशाना बनाया और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नगद राशि चोरी कर ली। पीड़ित के अनुसार उनकी मां, पत्नी और बेटी के करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात, लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के चांदी के बर्तन तथा 3 लाख 70 हजार रुपये नगद चोर अपने साथ ले गए। चोरी गई संपत्ति का कुल मूल्य करीब 28 लाख 70 हजार रुपये बताया जा रहा है।

परिवार जब इलाज कराकर वापस घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गोदरेज अलमारी खुली हुई थी। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
पीड़ित परिवार ने तत्काल बेन थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।
गांव में हुई इस बड़ी चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से शीघ्र मामले का खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।







