विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। बिहार सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार को पुनः ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग का मंत्री बनाए जाने तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने पर नालंदा जिले में जदयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर नूरसराय में परविंदर इंटरप्राइजेज के निर्देशक एवं समाजसेवी अरविंद कुमार सिन्हा के नेतृत्व में मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया गया।
समाजसेवी अरविंद कुमार सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों को अब नई गति और नई उड़ान मिलेगी। उन्होंने कहा कि श्रवण कुमार जदयू के सबसे भरोसेमंद और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। पार्टी और सरकार दोनों में उनकी भूमिका हमेशा संकटमोचक की रही है। लगातार छठी बार मंत्री बनाया जाना उनके बढ़ते राजनीतिक कद और मुख्यमंत्री के अटूट विश्वास का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि श्रवण कुमार वर्ष 1994 में समता पार्टी के गठन के समय से ही नीतीश कुमार के साथ मजबूती से जुड़े हुए हैं और हर राजनीतिक परिस्थिति में पार्टी के प्रति निष्ठावान रहे हैं। ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में उन्होंने नालंदा सहित पूरे बिहार में सड़क, नाली, आवास, पेयजल और ग्रामीण आधारभूत संरचना के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके नेतृत्व में कई विकास योजनाओं को गति मिली है, जिसका लाभ गांव-गांव तक पहुंचा है।
अरविंद कुमार सिन्हा ने निशांत कुमार को लेकर कहा कि वे भी अपने पिता की तरह सादगीपूर्ण और बेदाग छवि वाले युवा नेता हैं। युवाओं के बीच उनकी अच्छी पहचान है और स्वास्थ्य मंत्री के रूप में वे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने का कार्य करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि निशांत कुमार युवाओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करेंगे।
इस अवसर पर मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम में समाजसेवी बबलू कुमार, अविनाश कुमार निराला उर्फ सिक्कू मुखिया, नूरसराय पंचायत के मुखिया कृषणा प्रसाद, पप्पू कुमार, सुधीर कुमार, रजनीश कुमार, गब्बर सिंह, निखिल कुमार तथा गुड्डू पांडेय समेत कई लोग उपस्थित रहे। सभी ने दोनों नेताओं को बधाई देते हुए बिहार के विकास और जनहित में बेहतर कार्य करने की उम्मीद जताई।







