बिहार में एयर कनेक्टिविटी को मिलेगा नया विस्तार, हर जिले तक पहुंचेगी हवाई सेवा : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Written by Sanjay Kumar

Published on:

जेपी चौधरी
पटना (अपना नालंदा)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार के सभी जिलों में एयर ट्रैफिक का विस्तार करना है। यह विस्तार एयरपोर्ट, एयर स्ट्रिप और हेलीपोर्ट के माध्यम से किया जाएगा ताकि बिहार के हर क्षेत्र को आधुनिक हवाई सेवा से जोड़ा जा सके। मुख्यमंत्री आज दरभंगा हवाई अड्डे की सुरक्षा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सौंपे जाने के कार्यक्रम में शामिल हुए।

दरभंगा हवाई अड्डा परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने सीआईएसएफ के महानिदेशक प्रवीर रंजन को सीआईएसएफ का ध्वज एवं सांकेतिक चाबी सौंपकर एयरपोर्ट सुरक्षा की जिम्मेदारी आधिकारिक रूप से हस्तांतरित की।

Malmas Mela 2026: Alert Issued Regarding Crowd Risks; Major Plan Formulated for Rajgir Zoo Safari

प्रधानमंत्री के आह्वान का किया जिक्र

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह दिन बिहार और मिथिलांचल के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए आह्वान को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को सीमित स्तर पर आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकतर कार्यक्रम आयोजित करने तथा अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचने की अपील की है। राज्य सरकार ने भी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को ईंधन बचत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कम वाहनों के उपयोग का निर्देश दिया है।

मिथिला की संस्कृति और मखाना का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने मिथिलांचल की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह धरती माता जानकी की जन्मस्थली रही है और भगवान श्रीराम का भी यहां आगमन हुआ था। उन्होंने कहा कि मिथिला की संस्कृति, परंपरा और यहां के उत्पाद पूरी दुनिया में पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने विशेष रूप से मखाना का उल्लेख करते हुए कहा कि आज दुनिया इसे “सुपर फूड” के रूप में पहचानती है और इसकी उत्पत्ति मिथिलांचल की धरती से हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने भाषणों में लगातार मखाना का जिक्र करते रहे हैं।

बिहार में तेजी से बढ़ी हवाई यात्रा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005-06 में बिहार से हवाई यात्रा करने वालों की संख्या मात्र ढाई लाख के करीब थी, जो अब बढ़कर 50 लाख से अधिक हो चुकी है। राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में बिहार की एयर कनेक्टिविटी को दस गुना बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था बना रही है कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार से 4 से 5 करोड़ लोग हवाई यात्रा कर सकें। इसके लिए एयरपोर्ट, एयर स्ट्रिप और हेलीपोर्ट के निर्माण एवं विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है।

कई नए एयरपोर्ट परियोजनाओं पर काम जारी

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि मुजफ्फरपुर, रक्सौल, सहरसा और वीरपुर में एयरपोर्ट निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं पूर्णिया एयरपोर्ट चालू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि मुंगेर, अजगैबीनाथ, भागलपुर और बेगूसराय के एयरपोर्ट को भी हर हाल में शुरू कराया जाएगा। अगले सप्ताह सिविल विमानन विभाग और भारत सरकार के अधिकारियों के साथ इस संबंध में महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है।

दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं बल्कि मिथिलांचल के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार दरभंगा एयरपोर्ट का नामकरण महाकवि बाबा विद्यापति के नाम पर कराने के लिए प्रधानमंत्री से आग्रह करेगी।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार इस एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य करेगी ताकि मिथिलांचल को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल सके।

अशोक पेपर मिल परिसर में स्थापित होगा नया उद्योग

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में दरभंगा स्थित बंद पड़ी अशोक पेपर मिल के स्थान पर नया उद्योग स्थापित करने की दिशा में सरकार गंभीरता से कार्य करेगी। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

सीआईएसएफ को हर संभव सहयोग का भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि किशनगंज जिले के पोठिया अंचल में सीआईएसएफ के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए बिहार सरकार ने 110 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है। भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर और भूमि भी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार सीआईएसएफ को हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराएगी क्योंकि राज्य के लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम को जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद संजय कुमार झा, सांसद गोपाल जी ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी तथा सीआईएसएफ महानिदेशक प्रवीर रंजन ने भी संबोधित किया।

इस दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने अपने विशेष करतबों का प्रदर्शन कर सुरक्षा बल की दक्षता और क्षमता का परिचय दिया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, पाग और मखाना माला पहनाकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं सीआईएसएफ के जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Comment