आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र के संगत टोला में साइबर सेल के अधिकारी बनकर एक युवक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपहर्ताओं ने खुद को समस्तीपुर साइबर सेल का पुलिस पदाधिकारी बताकर युवक को घर से अपने साथ ले लिया और बाद में उसके परिजनों से फिरौती की मांग करने लगे। हालांकि कतरीसराय पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के बल पर अपहृत युवक को महज छह घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता समेत अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात करीब आठ बजे चार व्यक्ति सादे लिबास में संगत टोला निवासी टुनटुन प्रसाद के घर पहुंचे। उन्होंने अपने आपको समस्तीपुर साइबर सेल का अधिकारी बताते हुए रौशन कुमार उर्फ नेपाली को पूछताछ के लिए साथ चलने को कहा। पुलिस अधिकारी होने का दावा करने पर परिजनों को किसी प्रकार का संदेह नहीं हुआ और युवक उनके साथ चला गया।
कुछ देर बाद मामले की जानकारी कतरीसराय थाना को मिली। अपर थानाध्यक्ष सह प्रभारी थानाध्यक्ष आदित्य कुमार को घटना संदिग्ध लगी, क्योंकि किसी भी बाहरी पुलिस टीम द्वारा स्थानीय थाना को सूचना नहीं दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। परिजनों से पूछताछ और तथ्यों के मिलान के दौरान मामला अपहरण का प्रतीत होने लगा।
इसी बीच अपहृत युवक के मोबाइल नंबर से उसके परिजनों को फोन कर रुपये की मांग की गई। फिरौती की मांग सामने आने के बाद पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से अपहर्ताओं की लोकेशन ट्रेस की गई तथा इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के निर्देश पर राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में गिरियक इंस्पेक्टर सुमंत कुमार, गिरियक थानाध्यक्ष श्रीकांत प्रसाद, कतरीसराय प्रभारी थानाध्यक्ष आदित्य कुमार और एसआई मुकुंद भारती को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने नवादा जिले के वारसलीगंज थाना की सहायता से रात करीब एक बजे चक धरमपुर गौरक्षणी मोहल्ला स्थित लाल कुमार के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान अपहृत रौशन कुमार उर्फ नेपाली को सकुशल बरामद कर लिया गया। वहीं मौके से लाल कुमार और दीपक कुमार, दोनों पिता चुन्नू प्रसाद, निवासी वारसलीगंज, जिला नवादा को गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान अपहरण का मास्टरमाइंड और दो अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में सफल रहे। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्रभारी थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में फिरौती के उद्देश्य से अपहरण की साजिश रचने की बात स्वीकार की है। उन्होंने यह भी बताया कि अपहृत युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (पीवाई-01-बीबी-5543) और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
स्थानीय थाना में लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेजा जा रहा है, जबकि फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस सफल कार्रवाई से एक बार फिर नालंदा पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्यशैली सामने आई है।
साइबर सेल अधिकारी बनकर युवक का अपहरण, 6 घंटे में पुलिस ने छुड़ाया; फिरौती मांगने वाले दो गिरफ्तार
Written by Sanjay Kumar
Published on:







