सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)।प्रखंड क्षेत्र के पैमार नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध झारखंडी माता मंदिर जाने वाला मुख्य रास्ता इन दिनों अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहा है। रास्ते पर जगह-जगह गंदगी, गोबर के ढेर और मवेशियों को बांधे जाने के कारण श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर तक पहुंचने का रास्ता संकरा हो जाने से लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाई हो रही है।
बताया जाता है कि झारखंडी माता मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां प्रत्येक मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा विशेष पर्व-त्योहारों एवं धार्मिक अवसरों पर दूर-दराज के गांवों और क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में मंदिर तक पहुंचने वाले रास्ते की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर जाने वाले रास्ते पर कुछ लोगों द्वारा जगह-जगह गोबर के ढेर लगा दिए गए हैं। इतना ही नहीं, सड़क पर ही गोयठा ठोकने और मवेशियों को बांधने के कारण रास्ते का बड़ा हिस्सा बाधित हो जाता है। इससे सड़क पर आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को रास्ता पार करने में काफी दिक्कत होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को गंदगी और अतिक्रमण के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। बरसात या नमी के मौसम में गोबर और गंदगी के कारण रास्ते की स्थिति और भी खराब हो जाती है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित होता है, बल्कि धार्मिक स्थल की स्वच्छता और गरिमा पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या से संबंधित जानकारी स्थानीय प्रशासन को होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है। अतिक्रमण के कारण लगातार परेशानी झेल रहे ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल तक जाने वाला रास्ता आम जनता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होना चाहिए, न कि निजी उपयोग और अतिक्रमण का स्थान।
ग्रामीणों ने प्रखंड एवं स्थानीय प्रशासन से अविलंब मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने मंदिर मार्ग का निरीक्षण कर सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने, गोबर और कचरे की सफाई कराने तथा रास्ते को नियमित रूप से स्वच्छ रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।
अब देखना यह है कि प्रशासन ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक मंदिर मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराकर सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है।







