हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। चेरो बाजार स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक शाखा की तत्परता से गोसाईं बिगहा गांव निवासी दिवाकर सिंह को पत्नी स्व. विनीता देवी की मृत्यु के बाद प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि मिली। सोमवार को शाखा परिसर में शाखा प्रबंधक विवेक आनंद ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद राशि दिवाकर सिंह के खाते में हस्तांतरित की।
जानकारी के अनुसार, विनीता देवी की बीते अप्रैल माह में हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी। वह दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से बीमित थीं। पत्नी की मृत्यु के बाद उनके पति दिवाकर सिंह ने बैंक में बीमा दावा राशि के लिए आवेदन किया। बैंक प्रबंधन ने प्रस्तुत दस्तावेजों और दावे का सत्यापन कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद दावा स्वीकृत किया गया।

राशि खाते में मिलने के बाद दिवाकर सिंह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि पत्नी की असमय मृत्यु के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। ऐसे समय में मिली दो लाख रुपये की सहायता परिवार के भरण-पोषण में काफी मददगार साबित होगी। उन्होंने बैंक प्रबंधन के प्रति आभार जताया।
शाखा प्रबंधक विवेक आनंद ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति को दो लाख रुपये की बीमा राशि मिलती है। उन्होंने बताया कि मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम में खाताधारक इस योजना का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने लोगों से सामाजिक सुरक्षा और बीमा योजनाओं से जुड़कर अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करने की अपील की।







