संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में वर्ष 2025–26 के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए इनर व्हील क्लब बिहारशरीफ ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। झारखंड की राजधानी रांची स्थित चाणक्य होटल में आयोजित इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 325 (बिहार-झारखंड) की 42वीं डिस्ट्रिक्ट असेंबली एवं वार्षिक पुरस्कार समारोह में क्लब को कई प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किए गए। इन पुरस्कारों ने न केवल क्लब की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई, बल्कि बिहारशरीफ और नालंदा जिले का भी गौरव बढ़ाया।
सत्र 2025–26 की क्लब अध्यक्षा रश्मि रानी को उनके प्रेरणादायी नेतृत्व, उत्कृष्ट संगठन क्षमता तथा समाज सेवा के प्रति समर्पण के लिए बेस्ट प्रेसिडेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं पूरे वर्ष किए गए उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के आधार पर इनर व्हील क्लब बिहारशरीफ को बेस्ट क्लब अवार्ड प्रदान किया गया। इसके अलावा क्लब की अभिलेख व्यवस्था एवं दस्तावेजों के उत्कृष्ट रखरखाव के लिए बेस्ट फाइल अरेंजमेंट अवार्ड भी मिला।
समारोह में क्लब की सचिव कुमारी रश्मि को प्रशासनिक दक्षता, सक्रिय कार्यशैली और सफल संचालन के लिए बेस्ट सेक्रेटरी अवार्ड, जबकि क्लब की संपादिका कुमारी पूनम को प्रकाशन, जनसंपर्क और क्लब की गतिविधियों के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए बेस्ट एडिटर अवार्ड से सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद क्लब की अध्यक्षा रश्मि रानी ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि क्लब के प्रत्येक सदस्य के सामूहिक प्रयास, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पूरे सत्र के दौरान क्लब ने स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, जरूरतमंदों की सहायता तथा सामाजिक जागरूकता जैसे अनेक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए।
उन्होंने बताया कि क्लब की पहल पर हॉस्पिटल मोड़ स्थित यातायात पुलिस चेक पोस्ट के निर्माण में सहयोग दिया गया। साथ ही सीबीएसई रिसोर्स पर्सन रुबीना निशात द्वारा सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों के लिए नई शिक्षा नीति (NEP) पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा प्राध्यापक डॉ. रश्मि नारायण के नेतृत्व में विद्यार्थियों के बीच “ड्रॉप ड्रग्स, नॉट ड्रीम्स” विषय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया, जिसकी डिस्ट्रिक्ट स्तर पर विशेष सराहना हुई।
रश्मि रानी ने क्लब के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 325 के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान भविष्य में और अधिक उत्साह एवं ऊर्जा के साथ समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान अध्यक्षा शोभा रानी के नेतृत्व में भी क्लब सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाजहित में लगातार कार्य करता रहेगा।

इस उपलब्धि पर इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 325 की पूर्व डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन (PDC) वीणा सुचांती, क्लब की पूर्व अध्यक्ष मंजू प्रकाश, सजना जोसफ, रूबी सिन्हा, शोभा रानी, सुनीता सिन्हा, कुमारी किरण, ऊषा प्रियंवदा सहित क्लब के सदस्यों ने खुशी व्यक्त की। वहीं रोटरी क्लब बिहारशरीफ, रोटरी क्लब तथागत, रोटरी क्लब नालंदा, नालंदा सहोदया क्लस्टर, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, लायंस क्लब बिहारशरीफ, बिहार क्लब, पेंचक कराटे एसोसिएशन सहित विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने क्लब को बधाई देते हुए इसे नालंदा जिले के लिए गर्व का विषय बताया।
रांची में आयोजित इस सम्मान समारोह में क्लब अध्यक्षा रश्मि रानी के साथ पूर्व डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन वीणा सुचांती, पूर्व अध्यक्ष मंजू प्रकाश, सजना जोसफ, रूबी सिन्हा, शोभा रानी, सुनीता सिन्हा, कुमारी किरण, ऊषा प्रियंवदा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। समारोह में क्लब की उपलब्धियों की व्यापक सराहना की गई और भविष्य में भी समाज सेवा के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने की शुभकामनाएं दी गईं।







