समयसीमा बीतने के बाद भी अधूरा तेलमर पशु चिकित्सालय भवन, पशुपालकों में नाराजगी

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड के तेलमर में बन रहा प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय भवन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। करीब 92.91 लाख रुपये की लागत से बिहार राज भवन निर्माण निगम लिमिटेड के माध्यम से टुडे इलेक्ट्रिकल सर्विस द्वारा बनाए जा रहे इस भवन का निर्माण 24 अप्रैल 2025 को शुरू हुआ था और इसे 19 अक्टूबर 2025 तक पूरा किया जाना था।
फिलहाल भवन का ढांचा तैयार है, लेकिन फिनिशिंग, परिसर का समतलीकरण, चारदीवारी और मवेशियों के उपचार के लिए बनाए जा रहे शेड का कार्य जारी है। भवन के भूतल पर डॉक्टर कक्ष, लैब, स्टोर सहित अन्य सुविधाएं तथा प्रथम तल पर चिकित्सक के आवास की व्यवस्था की जा रही है।
निर्माण कार्य में देरी से पशुपालकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि वर्षों से अस्पताल किराए के भवन में संचालित हो रहा है और नया भवन समय पर तैयार होने से ग्रामीणों को बेहतर एवं 24 घंटे पशु चिकित्सा सुविधा मिल सकती थी।
अस्पताल की चिकित्सक डॉ. श्वेता रानी ने बताया कि वर्तमान में अस्पताल किराए के भवन से संचालित हो रहा है तथा अगले दो महीनों में निर्माण पूरा होने की संभावना है।
वहीं निर्माण स्थल पर मौजूद मुंशी और अन्य लोगों ने ठेकेदार पर मजदूरी एवं निर्माण सामग्री की बकाया राशि नहीं देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि डेढ़ वर्ष से भुगतान लंबित है और ठेकेदार संपर्क भी नहीं कर रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में डॉ. श्वेता रानी ने कहा कि यह मामला संबंधित विभाग के स्तर पर ही सुलझाया जा सकता है।

Leave a Comment