हरनौत जनता दरबार में 12 मामलों की सुनवाई, सात भूमि विवादों का त्वरित निष्पादन

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के हरनौत अंचल कार्यालय में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद एवं राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवपदस्थापित अंचलाधिकारी (सीओ) रीता कुमारी ने की। जनता दरबार में कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि सीमांकन तथा अवैध कब्जे से जुड़े मामले शामिल थे।
सीओ रीता कुमारी ने बताया कि प्राप्त 12 मामलों में से 7 का दोनों पक्षों की सहमति एवं उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष 5 मामलों की सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि विवादों का शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के कागजातों की गहन जांच की गई और संबंधित मामलों का समाधान कराया गया। अधिकारियों ने पक्षकारों को आपसी समझौते का पालन करने तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की सलाह दी।
सीओ ने राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों का निष्पादन किया गया है, उनमें जारी आदेशों का 15 दिनों के भीतर अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही लंबित मामलों में भी आवश्यक जांच पूरी कर शीघ्र निष्पादन की कार्रवाई करने को कहा।
जनता दरबार में राजस्व पदाधिकारी रीतु रिमझिम, सीआई रामानंद प्रसाद, मनीष कुमार सहित अंचल कार्यालय के अन्य कर्मी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे। जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद मिली।

Leave a Comment