एनसीवीटी प्रायोगिक परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, आईटीआई कल्याण बिगहा में 250 परीक्षार्थी शामिल हुए

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) के निर्देशन में नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), कल्याण बिगहा में 2023-25 सत्र के द्वितीय वर्ष एवं 2025-27 सत्र के प्रथम वर्ष की प्रायोगिक परीक्षा शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षार्थियों में उत्साह देखने को मिला। कई छात्रों ने प्रश्नपत्र को संतुलित और निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप बताया।
परीक्षा के दौरान उड़नदस्ता टीम ने केंद्र का निरीक्षण किया। टीम में हरनौत की श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी चांदनी रस्तोगी, निदेशालय से सहायक निदेशक सुनील कुमार तथा मजिस्ट्रेट के रूप में हरनौत अंचल कार्यालय के अमीन उपेंद्र कुमार शामिल रहे।
आईटीआई के प्राचार्य ई. राशेष रंजन ने बताया कि 6 एवं 7 जुलाई को प्रथम वर्ष तथा 9 एवं 10 जुलाई को द्वितीय वर्ष की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में सरकारी एवं निजी आईटीआई संस्थानों के इलेक्ट्रिशियन, फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, मैकेनिकल डीजल, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा आईसीटीएसएम सहित विभिन्न ट्रेडों के लगभग 250 परीक्षार्थी शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि बिहार में नकल और प्रश्नपत्र लीक पर रोक लगाने के उद्देश्य से श्रम संसाधन विभाग के निर्देशानुसार कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) भी आयोजित की जा रही है। जिले के सभी आईटीआई संस्थानों के छात्रों की एमसीक्यू आधारित सीबीटी परीक्षा केके यूनिवर्सिटी, बिहारशरीफ में चल रही है। प्राचार्य ने कहा कि प्रायोगिक और सीबीटी दोनों परीक्षाएं एनसीवीटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जा रही हैं।

Leave a Comment