नालंदा में अवैध मिनीगन फैक्ट्री का भंडाफोड़, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा पुलिस ने एसटीएफ (STF) और जिला पुलिस के संयुक्त अभियान में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को इस्लामपुर थाना क्षेत्र के सुहावनपुर सुढ़ी गांव में छापेमारी कर एक अवैध मिनी हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री संचालक रमण विश्वकर्मा (46 वर्ष), पिता स्वर्गीय अर्जुन विश्वकर्मा, निवासी सुढ़ी, थाना इस्लामपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के मकान सह लोहे का गेट एवं खिड़की बनाने के कारखाने से एक देशी कट्टा, कट्टा बनाने में प्रयुक्त दो बैरल (स्ट्रिंग), हैमर, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर मशीन, बेंच मशीन, आर्क वेल्डिंग मशीन, जनरेटर, बड़ा कटर, हवा देने वाली मशीन, विभिन्न औजार तथा एक रियलमी मोबाइल फोन सहित भारी मात्रा में हथियार निर्माण के उपकरण बरामद किए।
इस संबंध में इस्लामपुर थाना कांड संख्या 348/26 दर्ज करते हुए आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियारों की आपूर्ति किन-किन लोगों तक की जाती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व अपर थानाध्यक्ष राम कुमार पाल ने किया। कार्रवाई में इस्लामपुर थाना पुलिस, एसटीएफ, डीआईयू तथा सशस्त्र बल के पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने इसे अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी उपलब्धि बताया है।

Leave a Comment