हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत बिजली हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के आश्रित को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। प्रखंड प्रशासन की ओर से मृतक की पत्नी को 20 हजार रुपये का चेक सौंपा गया।
प्रखंड नाजिर अनिल कुमार ने बताया कि हरनौत प्रखंड के सोराडीह गांव निवासी स्वर्गीय महेंद्र प्रसाद के 51 वर्षीय पुत्र नागेंद्र प्रसाद की 18 जून को करंट लगने से मौत हो गई थी। घटना उस समय हुई जब वह गांव के बाहर स्थित खेत में मोरी की स्थिति देखने जा रहे थे। इसी दौरान 11 केवी विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद परिजनों द्वारा आवश्यक दस्तावेज जमा करने पर मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत सहायता स्वीकृत की गई। इसके बाद मृतक की पत्नी विभा कुमारी को प्रखंड कार्यालय बुलाकर 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
प्रखंड प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना का उद्देश्य असामयिक मृत्यु की स्थिति में पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि विपरीत परिस्थितियों में परिवार को कुछ राहत मिल सके। अधिकारियों ने कहा कि पात्र लाभुकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
बिजली हादसे में मृतक के आश्रित को मिली सहायता, मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना से मिला ₹20 हजार का चेक
Written by Sanjay Kumar
Published on:







