आर संतोष भारती
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बिहार पंचायत-नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ, नालंदा के जिलाध्यक्ष सूर्यकांत सिंह कांत के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा कार्यालय पहुंचकर नवपदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) हेमचंद्र का बुके एवं माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान शिक्षकों ने नए डीईओ से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान की अपेक्षा व्यक्त की।
जिला प्रभारी रीतेश कुमार ने कहा कि हेमचंद्र पूर्व में नालंदा में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और शिक्षकों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार से विशेष पहचान बनाई थी। उनके दोबारा नालंदा आने से शिक्षकों में नई उम्मीद जगी है।
जिलाध्यक्ष सूर्यकांत सिंह कांत ने कहा कि शिक्षकों को विश्वास है कि नए डीईओ लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देंगे। वहीं डीईओ हेमचंद्र ने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा विभागीय निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षक बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखें, सभी मामलों का समयबद्ध समाधान किया जाएगा।
स्वागत समारोह में महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष शशिप्रभा सिन्हा, जिला कार्यालय सचिव के.के. ब्रह्मचारी, जिला संयोजक अमित कुमार, उपसंयोजक अमित कुमार, बिहारशरीफ प्रखंड सचिव मनोज कुमार, नूरसराय प्रखंड अध्यक्ष शंभु कुमार, चंडी प्रखंड अध्यक्ष राजीव रंजन कुमार, बिहारशरीफ प्रखंड अध्यक्ष संजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
नवपदस्थापित डीईओ हेमचंद्र का शिक्षकों ने किया भव्य स्वागत, लंबित समस्याओं के समाधान की जताई उम्मीद
Written by Sanjay Kumar
Published on:







