संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। भारत डाक विभाग, बिहारशरीफ प्रधान डाकघर की ओर से सरस्वती शिशु मंदिर, गौरक्षणी परिसर में विशेष आधार नामांकन एवं आधार अद्यतन (संशोधन) शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को विद्यालय परिसर में ही आधार से जुड़ी सेवाएं सरल, त्वरित और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराना था।
शिविर में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान 110 से अधिक आधार नामांकन एवं आधार अद्यतन के कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किए गए। इससे बड़ी संख्या में लोगों को बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के आधार संबंधी आवश्यक सेवाओं का लाभ मिला।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ऋचा कुमारी ने भारत डाक विभाग की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यालयों में आयोजित होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों का समय बचता है तथा उन्हें आधार संबंधी कार्यों के लिए अलग से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता।
शिविर में बिहारशरीफ के पोस्टमास्टर मनीष कुमार आनंद, डाक निरीक्षक रामाशीष कुमार, रंजीत कुमार रजक, कुमार अभिषेक, राजीव कुमार, निरंजन कुमार एवं जितेंद्र कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भारत डाक विभाग ने बताया कि नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ आधार सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से समय-समय पर विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। विभाग ने अभिभावकों से सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा (PLI/RPLI) तथा डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं का भी अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
सरस्वती शिशु मंदिर में लगा आधार शिविर, 110 से अधिक नामांकन व अपडेट कर लाभान्वित हुए विद्यार्थी-अभिभावक
Written by Sanjay Kumar
Published on:







