जनता दरबार में डीएम उदिता सिंह ने सुनीं 32 फरियादें, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा की जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने गुरुवार, 9 जुलाई 2026 को आयोजित दैनिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 32 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने सभी मामलों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में पशुपालन से जुड़े एक मामले के शीघ्र समाधान के लिए जिलाधिकारी ने जिला गव्य विकास पदाधिकारी को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने संबंधी शिकायत पर अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हिलसा को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
जमीन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में अनुमंडल पदाधिकारी, बिहारशरीफ को जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। भूमि से संबंधित फर्जी रसीद रद्द करने की शिकायत पर अपर समाहर्ता, नालंदा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आम रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत पर अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिहारशरीफ को मामले का समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। छठ घाट पर नाला निर्माण से जुड़ी शिकायत नगर आयुक्त, बिहारशरीफ नगर निगम को भेजी गई।
इसके अलावा तीन माह बीत जाने के बावजूद सीएनजी कनेक्शन नहीं मिलने तथा राशन कार्ड पुनः चालू कराने संबंधी मामलों में जिला आपूर्ति पदाधिकारी को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार में प्राप्त अन्य सभी आवेदनों को भी संबंधित विभागों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण हो सके।

Leave a Comment