हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। हरनौत नगर पंचायत क्षेत्र में विश्वकर्मा मोड़ से वीर कुंवर सिंह चौक तक 1.2 किलोमीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। ग्रामीण कार्य विभाग (कार्य प्रमंडल, हरनौत) की देखरेख में हो रहे इस निर्माण का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पूर्व में अधूरा रह गया सड़क निर्माण कार्य अब दोबारा शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है।
मानसून के आगमन के बीच सड़क निर्माण में तेजी आने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। यह सड़क हरनौत के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है, जिससे प्रतिदिन आम नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी भी आवागमन करते हैं।
उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह समाजसेवी सुरेश सिंह ने बताया कि पहले यह सड़क काफी जर्जर थी। नई पीसीसी सड़क बनने से आदर्श थाना, नगर पंचायत कार्यालय, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय, आधार केंद्र, राज्य खाद्य निगम गोदाम, पैक्स गोदाम, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, प्लस-टू हाई स्कूल, आदर्श मध्य विद्यालय, फुटबॉल स्टेडियम, वन विभाग की नर्सरी तथा जीविका सीएलएफ सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों तक आवागमन आसान होगा। इससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं, विद्यार्थियों और मजदूरों को विशेष सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सड़क के दोनों किनारों के खाली हिस्सों में नगर पंचायत द्वारा मिट्टी, बालू भरकर फ्लाई ऐश ब्रिक बिछाई जाएगी, ताकि जलजमाव की समस्या दूर हो और सड़क अधिक मजबूत बने।
ग्रामीण कार्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता कुमुद शेखर प्रसाद ने बताया कि योजना की प्राक्कलित लागत 58.241 लाख रुपये है तथा निर्माण कार्य के साथ सात वर्षों तक सड़क के रखरखाव (मेंटेनेंस) का प्रावधान भी शामिल है।
हरनौत बाजार में पीसीसी सड़क निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, 50 प्रतिशत कार्य पूरा; 58.24 लाख की योजना से लोगों को मिलेगी राहत
Written by Sanjay Kumar
Published on:







