संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा के नवनियुक्त जिलाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी का भारतीय स्वतंत्र शिक्षण संघ और पब्लिक स्कूल एसोसिएशन की ओर से गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं तथा जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम में भारतीय स्वतंत्र शिक्षण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत मानस, जिलाध्यक्ष मो. जाहिद अनवर, सह कोषाध्यक्ष अजय कुमार, संरक्षक बालमुकुंद कुमार विद्यार्थी तथा पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

स्वागत के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने नवनियुक्त जिला शिक्षा पदाधिकारी से मुलाकात कर निजी विद्यालयों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अधिकांश निजी विद्यालयों में कक्षा आठ तक की शिक्षा शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत संचालित होती है, जो व्यवसाय की श्रेणी में नहीं आती। इसके बावजूद विद्यालयों से व्यावसायिक दर पर बिजली बिल और नगर निगम कर वसूला जा रहा है, जिससे विद्यालय संचालकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन के पदाधिकारियों ने इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए जिलाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में सरकारी एवं निजी विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।







