संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ, नालंदा के जिला एवं प्रखंड कार्यकारिणी के सदस्यों ने मंगलवार को नव पदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) हेमचंद्र का उनके कार्यालय कक्ष में गर्मजोशी से स्वागत किया। संघ के जिलाध्यक्ष रौशन कुमार के नेतृत्व में शिक्षकों ने पुष्पगुच्छ, पुष्पमाला, अंगवस्त्र, डायरी एवं कलम भेंटकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी तथा सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रौशन कुमार ने कहा कि नालंदा में दूसरी बार जिला शिक्षा पदाधिकारी के रूप में हेमचंद्र का आगमन शिक्षकों के लिए खुशी की बात है। उन्होंने बताया कि हेमचंद्र ने अपने प्रशासनिक जीवन की शुरुआत भी नालंदा जिले से कार्यक्रम पदाधिकारी के रूप में की थी। उस दौरान वे जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) के पद पर कार्यरत थे और शिक्षकों के प्रति उनका व्यवहार हमेशा सकारात्मक एवं सहयोगात्मक रहा था। इसी विश्वास के साथ शिक्षक समुदाय उनसे शिक्षा व्यवस्था में सुधार और लंबित समस्याओं के समाधान की अपेक्षा रखता है।
शिष्टाचार मुलाकात के दौरान शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं से अवगत कराया। इनमें नियोजित शिक्षकों को स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति, 12 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके विशिष्ट एवं प्रधान शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति, सभी प्रकार के शिक्षकों के वेतन एवं बकाया राशि का समय पर भुगतान, सेवा पुस्तिका का बीईओ स्तर से संधारण एवं डीपीओ स्थापना शाखा से शीघ्र प्रतिहस्ताक्षर कराने के लिए विशेष शिविर लगाने तथा प्रत्येक माह डीईओ की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षक संघ के साथ नियमित बैठक आयोजित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए जिससे शिक्षकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। यदि प्रशासनिक प्रक्रियाएं सरल होंगी तो शिक्षक विद्यालयों में अधिक समय देकर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकेंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र ने शिक्षक प्रतिनिधियों की सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर ही अपने स्टेनो राजेश कुमार को संबंधित पदाधिकारियों एवं लिपिकों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि 15 अगस्त से पूर्व शिक्षक संघ के साथ पुनः बैठक आयोजित कर लंबित मामलों की समीक्षा की जाएगी, ताकि समस्याओं का चरणबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
स्वागत समारोह में संघ के महासचिव मो. इरफान मल्लिक, सचिव सुनील कुमार, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, संयुक्त सचिव अतिउत्तम कुमार, शशिकांत कुमार वर्मा, संजय कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ (गोप गुट) की जिलाध्यक्ष सुनीता कुमारी, जन्मजय कुमार शाही, रविरंजन कुमार, दयानंद कुमार, सूरज चौहान, नवीन कुमार, मिथिलेश कुमार, उमाशंकर, अजय कुमार, मनीष कुमार, मुकेश कुमार सहित दर्जनों शिक्षक एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नव पदस्थापित डीईओ से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।
नव पदस्थापित डीईओ हेमचंद्र का शिक्षक संघ ने किया भव्य स्वागत, शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का मिला भरोसा
Written by Sanjay Kumar
Published on:







