अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)।आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर बुधवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद ने संयुक्त रूप से डीआरसीसी भवन में जिले के सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ विशेष ब्रीफिंग बैठक आयोजित की।
बैठक में मुहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण, संवेदनशील स्थलों पर निगरानी तथा शांति एवं भाईचारे का माहौल बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि छोटी से छोटी घटना भी बड़ी समस्या का रूप न ले सके।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह, अपर समाहर्ता (एडीएम), उप विकास आयुक्त (डीडीसी), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घोसी सहित जिले के अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने मुहर्रम पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का भरोसा दिया।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।







