अजीत कुमार
जहानाबाद(अपना नालंदा)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित ग्राम प्लेक्स सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की।
बैठक में अपर समाहर्ता अनिल कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह, एसडीपीओ सदर सहित जिले के विभिन्न प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मुहर्रम पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, जुलूस मार्गों की निगरानी, संवेदनशील स्थलों पर विशेष चौकसी तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को देने का आग्रह किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। जुलूस मार्गों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी उपद्रवी तत्व की गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
बैठक में प्रशासन ने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने या अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सभी समुदायों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि मुहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
अंत में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि जिले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।







