नवपदस्थापित डीएम छिरिङ वाई भूटिया ने संभाली कमान, सभी विभागों की कार्य प्रगति की ली विस्तृत समीक्षा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। जहानाबाद जिले में प्रशासनिक नेतृत्व परिवर्तन के बाद विकास कार्यों की गति और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नई जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। पूर्व जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने 21 जून 2026 को औपचारिक रूप से नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया, भा.प्र.से. को पदभार सौंप दिया था। पदभार ग्रहण करने के अगले ही दिन सोमवार को जिला पदाधिकारी ने जिला स्तरीय सभी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।


बैठक की शुरुआत में जिले के सभी वरीय अधिकारियों ने नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी का स्वागत किया। इसके बाद जिला पदाधिकारी ने एक-एक कर सभी विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनके विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
समीक्षा बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता तक योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। इसलिए सभी विभागीय अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जवाबदेही के साथ करें।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर किसी भी प्रकार की बाधा या समस्या का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्यों में लापरवाही, शिथिलता या अनियमितता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने, आम जनता की समस्याओं का त्वरित निष्पादन करने तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को अधिकतम सुविधा उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे और अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों, चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजनाओं से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया।

Leave a Comment