दहपर में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, पहले दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

Written by Sanjay Kumar

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। नूरसराय प्रखंड के दहपर स्थित हाई स्कूल परिसर में सोमवार की शाम सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। धार्मिक अनुष्ठान के उद्घाटन अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय महासचिव ई. सुनील कुमार, कांग्रेस नेता दिलीप कुमार तथा समाजसेवी अरविंद कुमार सिन्हा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ई. सुनील कुमार ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता व्यक्ति के भीतर सकारात्मक परिवर्तन लाती है तथा जीवन को सही दिशा प्रदान करती है। ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कांग्रेस नेता दिलीप कुमार ने कहा कि आज के भौतिकवादी युग में आध्यात्मिक ज्ञान की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। आध्यात्मिकता मनुष्य को गलत मार्ग पर जाने से रोकती है और उसके जीवन में नैतिक मूल्यों को स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की भक्ति और सत्संग के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बना सकता है।
वहीं समाजसेवी अरविंद कुमार सिन्हा ने श्रद्धालुओं से कथा को श्रद्धा और शांति के साथ सुनने तथा उसमें बताए गए आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की अपील की। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान मनुष्य को स्वयं की पहचान और ईश्वर की महिमा को समझने का अवसर प्रदान करता है।
कथा के प्रथम दिन राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रसिद्ध कथा वाचक श्याम शुभम जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि जीवन में गुरु की कृपा प्राप्त हो जाए तो मनुष्य का जीवन धन्य हो जाता है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण का साक्षात स्वरूप है। भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है और उसे सत्य तथा धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
श्याम शुभम जी महाराज ने कहा कि बुद्धिमान वही व्यक्ति है जो ज्ञान की अच्छी बातों को ग्रहण कर उन्हें अपने जीवन में उतारने का प्रयास करे। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की महिमा, भक्ति और मानव जीवन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया, जिसे श्रद्धालुओं ने बड़े ध्यान और भाव-विभोर होकर सुना।
कार्यक्रम में रंजू सिन्हा, अमाया सिन्हा, अमन सिंह, अंजनी कुमारी, प्रवीण कुमार, नम्रता कुमारी, दिग्विजय सिंह, अमरेंद्र कुमार, चंद्रशेखर, नीतीश महतो, नीरज सिंह, फंटूश कुमार, अश्विनी कुमार वर्मा, लड्डू जी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित थे। कथा के पहले दिन ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। सात दिनों तक चलने वाली इस कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Comment