अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। सोमनाथ मंदिर के एक हजार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जहानाबाद जिले के प्रसिद्ध वाणावर पहाड़ स्थित सिद्धेश्वरनाथ मंदिर परिसर में विशेष राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। मखदुमपुर प्रखंड के वाणावर गुफा के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों के लिए लाइव वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई थी, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर रहा।
इस अवसर पर बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग सह खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी कार्यक्रम में शामिल हुए। मंत्री के आगमन पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि वाणावर जहानाबाद जिले का पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है तथा राज्य सरकार इसे विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार वाणावर को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है।
मंत्री ने कहा कि वाणावर क्षेत्र में खनिज संसाधनों की भी अपार संभावनाएं हैं। इसे लेकर सरकार स्तर पर अध्ययन एवं योजनाएं तैयार की जा रही हैं, ताकि क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिल सके।
इस अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने काफी सराहा।
कार्यक्रम में मखदुमपुर विधायक सूबेदार दास, अपर समाहर्ता विभागीय जांच विनय कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चांदनी कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला खनिज विकास पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मखदुमपुर, अंचलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सिद्धेश्वरनाथ मंदिर परिसर के महंत उपस्थित रहे।
सोमनाथ मंदिर के एक हजार वर्ष पूर्ण होने पर वाणावर सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में विशेष कार्यक्रम
Written by Sanjay Kumar
Published on:







