अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। इस्लामपुर के अनुमंडलीय बुनियाद केंद्र में नवाचारी पहल के तहत एक माह तक चलने वाला विशेष नेत्र जांच एवं निःशुल्क चश्मा वितरण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर सक्षम सामाजिक कल्याण विभाग तथा राज्य स्वास्थ्य समिति के संयुक्त अभियान के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य हिलसा अनुमंडल क्षेत्र के दृष्टि दोष से पीड़ित लोगों को बेहतर नेत्र जांच सुविधा उपलब्ध कराना तथा जरूरतमंद लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मा प्रदान करना है।

बुनियाद केंद्र के प्रबंधक सुशांत डे ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत सभी आयु वर्ग के लोगों की आंखों की जांच की जा रही है। शिविर में विशेषज्ञों की टीम द्वारा नेत्र जांच, स्क्रीनिंग तथा आवश्यक परामर्श दिया जा रहा है। जांच के बाद जिन लाभार्थियों को चश्मे की आवश्यकता होगी, उन्हें निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लाभार्थियों को तीन प्रकार के चश्मे दिए जाएंगे। इसमें पहला सिंगल विजन चश्मा, दूसरा प्लेनो बाइफोकल चश्मा तथा तीसरा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आरएक्स चश्मा शामिल है। सभी चश्मे पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इस शिविर का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को केवल आधार कार्ड की छायाप्रति तथा अपना मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।

प्रबंधक ने बताया कि यह विशेष अभियान एक माह तक चलाया जाएगा, जिसके दौरान करीब 1200 चश्मा वितरण का लक्ष्य रखा गया है। प्रतिदिन औसतन 40 से 60 लोगों की नेत्र जांच कर उन्हें आवश्यकतानुसार चश्मा प्रदान करने की योजना बनाई गई है। इस पहल से क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने जीविका दीदियों, विकास मित्रों तथा जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों को इस शिविर से जोड़ें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
इस अभियान को सफल बनाने में बुनियाद केंद्र के कर्मियों की अहम भूमिका है। इसमें एडमिन सह लेखा सहायक ममता कुमारी, ऑडियोलॉजिस्ट रविकेश कुमार, फिजियोथेरेपिस्ट आदित्य कुमार, स्पीच एवं हियरिंग तकनीशियन सुप्रिया रानी, मोबिलिटी इंस्ट्रक्टर अंजनी कुमारी तथा केयर गिवर अर्चना कुमारी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। यह पहल इस्लामपुर और हिलसा अनुमंडल क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है।







