बिहार की राजनीति में उठापटक पर राजद प्रवक्ता दीपक कुमार का भाजपा पर हमला

Written by Sanjay Kumar

Published on:

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बिहार की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों पर जिला राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता दीपक कुमार ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यूथ आइकॉन और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने जिस राजनीतिक स्थिति की भविष्यवाणी डेढ़ वर्ष पहले की थी, वह आज सही साबित होती दिख रही है।
दीपक कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव लगातार यह कहते रहे हैं कि महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के साथ जो हुआ, उसी तरह की स्थिति बिहार में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ हो सकती है। आज की राजनीतिक घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि उनकी आशंका गलत नहीं थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी अपने सहयोगी दलों को कमजोर करने और उन्हें समाप्त करने की नीति पर काम करती रही है। शिवसेना, राष्ट्रीय लोक दल, चौटाला जी की पार्टी सहित कई छोटे सहयोगी दलों को भाजपा ने समय-समय पर नुकसान पहुंचाया है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा किया गया हालिया ट्वीट वास्तव में उनका अपना नहीं लगता है। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री आवास में छोटे कर्मचारियों से लेकर बड़े अधिकारी तक पिछले दो वर्षों से दिल्ली दरबार के संपर्क में रहे हैं।
दीपक कुमार ने यह भी कहा कि जनता के जनादेश से नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला था और राज्यसभा का पद मुख्यमंत्री पद से बड़ा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि यदि राजनीतिक साजिश के तहत ऐसा किया गया है तो बिहार की जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी।

Leave a Comment