संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। गिरियक प्रखंड के मध्य विद्यालय चोरसुआ में प्रवेशोत्सव अभियान के तहत बच्चों के नामांकन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता रैली निकाली गई। इस अभियान में विद्यालय के सभी शिक्षक, विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य, बाल संसद एवं मीणा मंच के सदस्य तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के दौरान बच्चों ने पूरे गांव का भ्रमण करते हुए अभिभावकों को अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालय में कराने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने हाथों में तख्तियां और नारों के साथ लोगों को सरकारी विद्यालयों में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक शशिभूषण प्रसाद ने बताया कि वर्तमान समय में विद्यालय में सभी विषयों के प्रशिक्षित शिक्षक उपलब्ध हैं, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक बच्चे को शिक्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है, जिनमें नि:शुल्क पुस्तक, डायरी, छात्रवृत्ति, पोशाक, मध्याह्न भोजन तथा स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य बच्चों को निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों के परिश्रम का ही परिणाम है कि विद्यालय की आठवीं कक्षा के सभी छात्र-छात्राएं मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल हुए हैं। इसके अलावा विद्यालय के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्काउट-गाइड तथा खेल गतिविधियों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर सुशीला कुमारी, मनोरमा कुमारी, आदित्य राज, मो. शाहबाज आलम, विजया लक्ष्मी, अरुण कुमारी, गुलशन रजक, बिन्दु सिन्हा और साक्षी सुमन सहित अन्य लोगों ने घर-घर जाकर नामांकन के लिए संपर्क किया तथा अभिभावकों से बच्चों को सरकारी विद्यालय में पढ़ाने की अपील की।







