डीएम से महकार में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण हेतु भूमि दान की स्वीकृति की मांग

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के चंडी प्रखंड अंतर्गत महकार पंचायत में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को लेकर पहल तेज हो गई है। इस संबंध में महकार निवासी राम नरेश चौधरी ने नालंदा के जिलाधिकारी को एक आवेदन देकर आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है।
अपने आवेदन में राम नरेश चौधरी ने बताया है कि महकार पंचायत में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने उल्लेख किया है कि प्रस्तावित स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण हेतु पंचायत या राज्य सरकार के पास उपयुक्त सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं है। ऐसी स्थिति में ग्राम व पोस्ट महकार, चंडी निवासी लाला प्रसाद, पिता स्वर्गीय राम गुलाम प्रसाद ने स्वेच्छा से अपनी निजी भूमि दान करने की इच्छा व्यक्त की है।


भूमि दान से संबंधित समस्त विवरण अंचलाधिकारी, चंडी द्वारा पत्रांक 1638, दिनांक 9 दिसंबर 2025 के माध्यम से भूमि सुधार उपसमाहर्ता, हिलसा को भेजा जा चुका है। इस प्रक्रिया के तहत भूमि दान को विधिसम्मत रूप देने के लिए राजपाल महोदय के नाम निबंधन की स्वीकृति आवश्यक है।
राम नरेश चौधरी ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि जनहित को देखते हुए अविलंब राजपाल के नाम भूमि निबंधन की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ हो सके। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र के बन जाने से महकार पंचायत सहित आसपास के गांवों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही सुलभ हो सकेंगी, जिसके लिए सभी ग्रामवासी प्रशासन के प्रति सदैव आभारी रहेंगे।

Leave a Comment