विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय/बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ नालंदा जिले में पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को महापर्व के तीसरे दिन जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीतों और पूजा-अर्चना से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर बिहारशरीफ के रामचंद्रपुर बाजार समिति स्थित छठ घाट पर सेवा, समर्पण और सामाजिक सहयोग की अनूठी मिसाल देखने को मिली। नालंदा जिला कांवरिया सेवा ट्रस्ट एवं परविंदर इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से छठव्रती माताओं के सम्मान एवं सेवा के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 251 छठव्रतियों के बीच साड़ी एवं पूजा सामग्री का वितरण किया गया।
इस पुनीत कार्य में परविंदर इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सह समाजसेवी अरविंद कुमार सिन्हा, प्रवीण कुमार सिन्हा, प्रदीप कुमार एवं गुड़िया देवी ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने अपने हाथों से छठव्रती माताओं को साड़ी एवं पूजा सामग्री प्रदान की। सामग्री प्राप्त कर व्रतियों के चेहरे पर खुशी और संतोष देखने को मिला। इस पहल की उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहना की।
छठव्रती माताओं की सेवा ही सबसे बड़ी पूजा : अरविंद कुमार सिन्हा
इस मौके पर समाजसेवी एवं परविंदर इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अरविंद कुमार सिन्हा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा का सबसे पवित्र पर्व है। इस महापर्व में छठव्रती माताएं कठिन तपस्या, संयम और पूरी निष्ठा के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मइया की आराधना करती हैं। ऐसे में उनकी सेवा और सम्मान करना हम सभी का सामाजिक एवं नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि छठव्रती माताओं की सेवा करना ही सबसे बड़ी पूजा है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। सेवा और सहयोग की भावना से ही समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है।

अरविंद कुमार सिन्हा ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि भगवान भास्कर एवं छठी मइया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सामाजिक एवं धार्मिक अवसरों पर जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का प्रयास जारी रहेगा।
प्रशासन ने घाटों पर किए थे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर व्यापक व्यवस्था की गई थी। विभिन्न छठ घाटों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही आपदा प्रबंधन को लेकर एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमों को भी लगाया गया था। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम आवागमन को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।
वहीं, शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखा गया। तालाब एवं अन्य छठ घाटों पर भी व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रशासनिक निगरानी के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
साड़ी एवं पूजा सामग्री वितरण कार्यक्रम के दौरान सिंटू सिंह, फंटूश सिंह, चिक्कू सिंह, मिथुन कुमार सिंह, ऋषि कुमार, शशिरंजन कुमार एवं वार्ड पार्षद गुलमणि पासवान सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने नालंदा जिला कांवरिया सेवा ट्रस्ट एवं परविंदर इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड की इस सामाजिक पहल की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग, त्याग और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। ऐसे अवसर पर 251 छठव्रती माताओं के बीच साड़ी एवं पूजा सामग्री का वितरण कर संस्था एवं कंपनी ने सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा का सराहनीय संदेश दिया। इस तरह की पहल से समाज के अन्य लोगों को भी जरूरतमंदों की सहायता और धार्मिक आयोजनों में सेवा कार्य के लिए प्रेरणा मिलती है।







