हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। बिहार विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार सोमवार को नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सोराडीह-कल्याण बिगहा मार्ग स्थित प्रसिद्ध भेड़िया गणेश धाम में आयोजित श्री गणेश पूजा समारोह में शामिल होकर भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा समारोह में शामिल होकर उन्होंने क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन के लिए भगवान गणेश से प्रार्थना की।

पूजा-अर्चना के दौरान विधान परिषद सदस्य ने भगवान श्री गणेश के समक्ष श्रद्धापूर्वक मत्था टेका और क्षेत्रवासियों की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में पूजा जाता है। सनातन परंपरा में किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश की आराधना से की जाती है। उनकी पूजा करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा मनुष्य को कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस मिलता है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकता को मजबूत करने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों में लोगों की सहभागिता से सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने गणेश पूजा समारोह के सफल आयोजन के लिए पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें पुष्पमाला पहनाकर एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। गणेश पूजा को लेकर भेड़िया गणेश धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चों ने मंदिर परिसर पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे मंदिर परिसर में भक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि गणेश पूजा के अवसर पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भेड़िया गणेश धाम पहुंचते हैं।

मौके पर भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार, उपाध्यक्ष पप्पू कुमार, प्रवक्ता राहुल, रविरंजन सहित पूजा समिति के सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद थे।






