पटना (अपना नालंदा)। इवेंटजिक मीडिया ग्रुप की ओर से होटल मौर्य, पटना में ‘बिहार टॉक सीजन-6 : अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में बिहार सहित देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 25 से अधिक प्रतिभाओं और हस्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और बिहार की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके उत्कृष्ट कार्यों को समाज के सामने लाना था।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, अति विशिष्ट अतिथि बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व आईएएस अधिकारी मनीष वर्मा, परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य, बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, इवेंटजिक मीडिया ग्रुप के प्रबंध निदेशक चंदन राज, जदयू महासचिव रंजीत झा, समाजसेवी किशोर तथा डॉ. कुमार राजेश रंजन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की।
सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि बिहार की धरती महापुरुषों की भूमि रही है। यहां के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बिहार टॉक जैसे आयोजन प्रदेश की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बिहार सरकार रोजगार सृजन और पर्यटन विकास को लेकर लगातार काम कर रही है। स्वरोजगार के क्षेत्र में अवसर बढ़ रहे हैं, जिससे युवाओं को अपने हुनर और क्षमता के आधार पर आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह ने बिहार टॉक को युवाओं की प्रतिभा को सम्मान देने और उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करने वाला सशक्त मंच बताया। उन्होंने सम्मानित सभी प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने युवाओं से मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन को जीवन का आधार बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी शिक्षा और कौशल को मजबूत करें तथा समाज, राज्य और देश के विकास में सक्रिय योगदान दें।
जदयू के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व आईएएस अधिकारी मनीष वर्मा ने युवाओं की रचनात्मक क्षमता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं। जरूरत केवल उनकी ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देने की है।
मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया और विधायक बाबूलाल शौर्य ने भी युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं इवेंटजिक मीडिया ग्रुप के प्रबंध निदेशक चंदन राज ने कहा कि बिहार टॉक का उद्देश्य बिहार तथा देश-विदेश में रहकर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बिहारवासियों को सम्मानित करना है। उन्होंने कहा कि बिहार की युवा प्रतिभाएं आज देश और विदेश में अपनी मेहनत एवं प्रतिभा से राज्य का नाम रोशन कर रही हैं।
समारोह में चिकित्सा, शिक्षा, व्यवसाय, उद्यमिता, पत्रकारिता, वास्तुकला, तकनीक, खान-पान, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिभाओं को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में डॉ. कुमार राजेश रंजन (स्पीकर), डॉ. अमृता सिन्हा (बेस्ट मेडिकल एडमिनिस्ट्रेटर), डॉ. विनीत कुमार (बेस्ट कार्डियक सर्जन), डॉ. मंजरी (बेस्ट गायनेकोलॉजिस्ट), स्मृति रावत (बेस्ट एकेडमी डायरेक्टर), डॉ. रमाकांत (बेस्ट ऑर्थोपेडिक सर्जन), दीपक कुमार शर्मा (बेस्ट पैकर्स एंड मूवर्स ब्रांड), हरिभाई (बेस्ट तिलकुट ब्रांड), अंकित राज (बेस्ट फर्नीचर ब्रांड), अभिनव दास (बेस्ट टेक एंटरप्रेन्योर), मनोज कुमार (बेस्ट फोटो जर्नलिस्ट), डॉ. वंदना मिश्रा (बेस्ट आईवीएफ डॉक्टर), मोहम्मद मुस्तकुईन एवं आर्किटेक्ट तनवीर (बेस्ट आर्किटेक्ट), शंभू घोष (बेस्ट कैटरर), विशाल जायसवाल (बेस्ट एंटरप्रेन्योर), डॉ. लवकेश किशोर (बेस्ट होम्योपैथिक डॉक्टर), निकिता सिंह, अभिनव भगत, अश्विनी चौबे, विजय कुमार, ऋषि खंडेलवाल, राकेश झा, प्रेम कुमार (बेस्ट पत्रकार, पटना), राकेश शांडिल, राहुल चंद्रवंशी, अनुराग चौबे, विनय कुमार, शिवम कुमार और विकास कुमार सहित अनेक प्रतिभाएं शामिल रहीं।
समारोह के दौरान सम्मानित प्रतिभाओं ने आयोजन के लिए आयोजकों का आभार जताया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान मिलने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं। समारोह ने बिहार की प्रतिभाओं, युवाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों को एक साझा मंच प्रदान किया।
बिहार टॉक सीजन-6 में 25 से अधिक हस्तियां सम्मानित, युवाओं की प्रतिभा को मिला मंच
Written by Sanjay Kumar
Published on:







