अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा पुलिस ने दीपनगर थाना क्षेत्र के चर्चित डकैती कांड का महज 72 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति, भारी मात्रा में नकद, आग्नेयास्त्र, जिंदा कारतूस तथा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में गुरुवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने पूरे मामले की जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि 3 अगस्त 2026 की रात करीब एक बजे दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय निवासी राजीव रंजन के घर 10 से 12 हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में दीपनगर थाना कांड संख्या 435/26, धारा 310(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

घटना के उद्भेदन एवं लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरनाथ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। मानवीय, वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर टीम ने झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर-साहेबगंज रोड स्थित जुम्मन मोड़ के पास एक चाय दुकान से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार अपराधियों में अजीत सिंह (पिता- स्व. यदुनंदन सिंह), संजीव सिंह (पिता- स्व. रामजन्म सिंह), विदु कुमार (पिता- शिव कुमार यादव) तथा आदित्य कुमार (पिता- मिथिलेश सिंह) शामिल हैं। सभी आरोपी दीपनगर थाना क्षेत्र के श्यामनगर गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 450 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 7 किलोग्राम चांदी के आभूषण, डायमंड एवं प्लेटिनम के जेवर, चांदी से निर्मित दो हाथी, एक चांदी की ईंट तथा लड्डू गोपाल की एक मूर्ति, 16 लाख 43 हजार रुपये नकद, दो देसी पिस्टल, 7.65 एमएम की 11 जिंदा गोलियां, 315 बोर की 5 जिंदा गोलियां तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरनाथ, दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी आलोक कुमार, बिहार थाना के थानाध्यक्ष सम्राट दीपक, लहेरी थानाध्यक्ष रणजीत कुमार रजक, जिला आसूचना इकाई के चन्दन कुमार, दीपनगर थाना के विमलेश कुमार पासवान, रविरंजन कुमार, सुनिल कुमार सिंह, मनीषा कुमारी, बिहार थाना के खुर्शीद अंसारी एवं रवि कुमार, लहेरी थाना के नीतीश रंजन एवं चन्दन कुमार, डीआईयू नालंदा के सिपाही अभिमन्यु, गणेश कुमार, नीतीश कुमार, चालक सिपाही आलोक कुमार, दीपनगर थाना के कालिका ठाकुर, मिथिलेश कुमार, नीतीश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।







