अजीत कुमार
जहानाबाद(अपना नालंदा)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत को लेकर जहानाबाद में मंगलवार को जन सुराज कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला। अरवल मोड़ पर आयोजित सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जहानाबाद विधानसभा से जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी डॉ. अभिराम सिंह ने कहा कि बांकीपुर की जीत केवल किसी एक उम्मीदवार या राजनीतिक दल की जीत नहीं, बल्कि वहां की जागरूक जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि इस परिणाम ने बिहार की राजनीति को नई दिशा देने का काम किया है और जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह अब विकास, ईमानदार नेतृत्व और वैकल्पिक राजनीति को अवसर देना चाहती है।
डॉ. अभिराम सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने बांकीपुर सीट को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया था। चुनाव जीतने के लिए पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी और लगभग 40 स्टार प्रचारकों को चुनाव मैदान में उतारा। इसके बावजूद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जनता के विश्वास के बल पर यह चुनाव जीतकर यह साबित कर दिया कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है, न कि संसाधनों या प्रचार के बल पर।
उन्होंने कहा कि जन सुराज ने पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में 238 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी को सफलता नहीं मिली थी। इसके बावजूद पार्टी ने अपने जनसंपर्क अभियान, संगठन विस्तार और जनता के बीच लगातार संवाद को जारी रखा। बांकीपुर की जीत उसी संघर्ष, धैर्य और जनता के विश्वास का परिणाम है। यह जीत जन सुराज के लिए केवल पहली विधानसभा सीट नहीं, बल्कि बिहार में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत है।
डॉ. अभिराम सिंह ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम यह दर्शाता है कि बिहार की जनता अब पारंपरिक राजनीति से आगे बढ़कर नए विकल्पों पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में जन सुराज पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेगी और राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन तथा बेहतर शासन व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बनाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस जीत का उत्सव मनाने के साथ-साथ जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना ही जन सुराज की वास्तविक पहचान होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि बिहार को विकास, पारदर्शिता और सुशासन की नई दिशा देना है।
सभा के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशांत किशोर के समर्थन में जमकर नारे लगाए और विजय जुलूस में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रूपेश कुमार, शैलेश कुमार, प्रशांत यादव, प्रकाश बाबा, लवकुश शर्मा, इन्द्रजीत कुमार दांगी सहित बड़ी संख्या में जन सुराज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने बांकीपुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए इसे बिहार में राजनीतिक बदलाव की मजबूत शुरुआत बताया।
बांकीपुर की ऐतिहासिक जीत से बिहार में बदलाव की नई उम्मीद जगी: अभिराम सिंह
Written by Sanjay Kumar
Published on:







