अखिलेंद्र कुमार
पटना(अपना नालंदा)। बिहार स्वास्थ्य विभाग के अधीन राजेन्द्रनगर स्थित अतिविशिष्ट नेत्र विज्ञान केन्द्र में कार्यरत चार नेत्र सहायकों की सेवा संपुष्टि (कन्फर्मेशन) को लेकर मामला अब तूल पकड़ने लगा है। तेजस्वी फैन्स एशोसिएशन ने इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के निदेशक प्रमुख (प्रशासन) को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर चारों कर्मियों की सेवा अविलंब संपुष्ट करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि एक ही नियुक्ति प्रक्रिया के तहत नियुक्त पांच कर्मियों में से केवल एक की सेवा संपुष्ट कर दी गई, जबकि शेष चार कर्मचारियों की सेवा पुष्टि अब तक लंबित है, जो समानता के सिद्धांत के विपरीत है।
तेजस्वी फैन्स एशोसिएशन की सचिव गायत्री देवी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि निदेशालय, स्वास्थ्य सेवाएं, बिहार के 31 जनवरी 2023 के आदेश के तहत अतिविशिष्ट नेत्र विज्ञान केन्द्र, राजेन्द्रनगर में पांच नेत्र सहायकों की नियुक्ति की गई थी। नियुक्ति के समय विभागीय सेवा शर्तों के अनुसार सभी कर्मियों को दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रखा गया था। नियमों के अनुसार यदि कोई कर्मचारी निर्धारित अवधि सफलतापूर्वक पूरी कर ले और उसके विरुद्ध कोई विभागीय कार्रवाई अथवा आरोप लंबित न हो, तो उसकी सेवा संपुष्ट कर दी जाती है।

ज्ञापन में कहा गया है कि सभी नेत्र सहायकों ने अपनी परिवीक्षा अवधि पूरी कर ली है तथा उनके कार्यकाल के दौरान किसी प्रकार की शिकायत या अनुशासनात्मक कार्रवाई भी नहीं हुई। इसके बावजूद वर्ष 2025 में केवल सुनील कुमार भारती की सेवा संपुष्ट कर दी गई, जबकि उसी बैच के अन्य चार कर्मचारियों की सेवा पुष्टि आज तक लंबित है।
संगठन ने आरोप लगाया कि वर्ष 2026 में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संबंधित संस्थान को एक सप्ताह के भीतर चारों कर्मियों की सेवा संपुष्टि का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया था। संस्थान की ओर से प्रस्ताव समय पर विभाग को भेज भी दिया गया, लेकिन विभागीय स्तर पर अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया। इससे चारों कर्मचारियों में निराशा और हीन भावना उत्पन्न हो रही है तथा उनके मनोबल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
तेजस्वी फैन्स एशोसिएशन ने इसे विभागीय आदेशों की अनदेखी बताते हुए कहा कि एक ही नियुक्ति प्रक्रिया से आए कर्मचारियों के साथ अलग-अलग व्यवहार किया जाना न्यायसंगत नहीं है। संगठन का कहना है कि यदि एक कर्मचारी की सेवा पुष्टि हो सकती है तो समान परिस्थितियों में कार्यरत अन्य कर्मचारियों की सेवा भी बिना किसी विलंब के संपुष्ट की जानी चाहिए।
संगठन ने अपने ज्ञापन में यह भी कहा कि तेजस्वी फैन्स एशोसिएशन हमेशा सामाजिक सरोकारों, पारदर्शिता, भ्रष्टाचार एवं शोषण के खिलाफ आवाज उठाता रहा है। कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए स्वास्थ्य विभाग से आग्रह किया गया है कि मामले की शीघ्र समीक्षा कर चारों नेत्र सहायकों की सेवा संपुष्ट करने का आदेश जारी किया जाए तथा इस संबंध में की गई कार्रवाई से संगठन को भी अवगत कराया जाए।
ज्ञापन की प्रतिलिपि राजेन्द्रनगर स्थित अतिविशिष्ट नेत्र विज्ञान केन्द्र के निदेशक को भी भेजी गई है, ताकि आवश्यक विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। संगठन ने उम्मीद जताई है कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्णय करेगा, जिससे कर्मचारियों में व्याप्त असंतोष समाप्त हो सके और विभाग में समानता एवं पारदर्शिता की भावना मजबूत हो।







