चितरंजन कुमार
चंडी (अपना नालंदा)। चांदनी जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, तुलसीगढ़ की वार्षिक आमसभा मंगलवार को चंडी स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, जीविका कैडर, बैंक प्रतिनिधि तथा जीविका मिशन के अधिकारी उपस्थित रहे। आमसभा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम) जितेंद्र प्रसाद चौरसिया, सीएलएफ अध्यक्ष जूली कुमारी, सचिव कविता कुमारी तथा कोषाध्यक्ष चंद्रकला देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वार्षिक प्रतिवेदन, आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा तथा वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित कार्ययोजना को आमसभा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने चर्चा के बाद सर्वसम्मति से इन प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की।
सीएलएफ अध्यक्ष जूली कुमारी ने अपने संबोधन में बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में समिति ने 19 लाख 55 हजार 481 रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है, जो संस्था की मजबूत वित्तीय व्यवस्था और महिलाओं की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की नियमित बचत, समय पर ऋण वापसी, पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन तथा सामूहिक कार्य संस्कृति ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी समूहों की महिलाओं से आगे भी इसी अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।
बीपीएम जितेंद्र प्रसाद चौरसिया ने कहा कि चांदनी जीविका सीएलएफ आज क्षेत्र की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन चुकी है। उन्होंने बताया कि इस सीएलएफ के अंतर्गत पांच पंचायतों के 648 स्वयं सहायता समूहों से 7,279 महिलाएं जुड़ी हुई हैं, जिनके माध्यम से 56 ग्राम संगठनों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जीविका मिशन महिलाओं को केवल बचत और ऋण तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें स्वरोजगार, लघु उद्यम, कृषि आधारित गतिविधियों, पशुपालन, हस्तशिल्प और अन्य आजीविका कार्यक्रमों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जीविका से जुड़ने के बाद हजारों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। महिलाएं अब परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक निर्णयों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सभी समूहों से वित्तीय अनुशासन बनाए रखने, नियमित बैठकें आयोजित करने तथा स्वरोजगार गतिविधियों का विस्तार करने का आह्वान किया।
आमसभा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले जीविका कैडरों एवं स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान अन्य समूहों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेंगे। साथ ही महिलाओं को समूह संचालन को और अधिक मजबूत बनाने, आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ाने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय बीओ अंजलि कुमारी, समन्वयक अप्रजिता कुमारी, एसबीआई प्रबंधक मुकेश कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के द्वितीय प्रबंधक नीतीश कुमार, कार्यालय सहायक विकास कुमार, अकाउंटेंट प्रियंका कुमारी, एसजेवाई एमआरपी गौरव कुमार, अनिल, सुजीत सहित जीविका के विभिन्न कैडर एवं बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और जीविका मिशन की सफलता के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।
19.55 लाख शुद्ध लाभ संग चांदनी जीविका सीएलएफ की वार्षिक आमसभा सफलतापूर्वक संपन्न
Written by Sanjay Kumar
Published on:







