संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्थान के लिए प्रसिद्ध लायंस क्लब ऑफ नालंदा का सत्र 2026-27 का छठा पदस्थापन (इंस्टॉलेशन) समारोह रविवार को शहर के बाबूरबन्ना स्थित एलीट गार्डन रेस्टोरेंट में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण किया और समाज सेवा के क्षेत्र में नए संकल्पों के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंडलाध्यक्ष (पीडीजी) लायन नम्रता सिंह, लायन प्रकाश नंदा, क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन मनीष कुमार गुप्ता, सचिव डॉ. राजीव रंजन तथा कोषाध्यक्ष लायन दिवाकर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि पीडीजी लायन नम्रता सिंह ने कहा कि लायंस क्लब विश्व का अग्रणी सेवा संगठन है, जो हमेशा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समर्पित रहता है। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब ऑफ नालंदा ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है और भविष्य में भी इसी तरह सेवा कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा।
विशिष्ट अतिथि पीडीजी लायन प्रकाश नंदा ने क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि नया सत्र स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी कार्य करेगा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि क्लब इस सत्र में रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक सामग्री वितरण, पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण सहित कई जनहित के कार्यक्रम आयोजित करेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
समारोह की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. लालन कुमार एवं डॉ. शुभम रंजन ने लायंस क्लब ऑफ नालंदा की सदस्यता ग्रहण की। दोनों ने समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रोटरी क्लब तथागत बिहार, रोटरी क्लब नालंदा, रोटरी क्लब बिहारशरीफ, इनर व्हील क्लब बिहारशरीफ तथा लायंस क्लब ऑफ बिहारशरीफ को सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता लायन रवि किशोर बर्नवाल एवं लायन राकेश कुमार बर्नवाल ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रोजेक्ट चेयरमैन लायन रवि किशोर बर्नवाल तथा लायन प्रमोद कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर लायन रविशंकर कुमार गुप्ता (आईटी एवं मीडिया प्रभारी), प्रो. संजय कुमार, राजकमल प्रसाद, राहुल कांत, विवेक कुमार बर्नवाल, मुकेश कुमार मेहता, रंगेश कुमार शर्मा, डॉ. सुबीर कुमार, डॉ. राजीव कुमार रंजन, डॉ. विरमानी कुमार, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. मृत्युंजय कुमार, अजय कुमार निराला, मोहम्मद कजाफी भाई, सीए अनुज कुमार, सीए सुभाष प्रसाद, प्रह्लाद कुमार राज, रोशन जी, सुमन सागर, सीए विद्यासागर, प्रदीप कुमार, राजीव कुमार सिंह, शिवशंकर प्रसाद, राकेश कुमार, सुशील कुमार (बॉबी), सनी दयाल, लायन मनीष कुमार माथुर, लायन दीपू कुमार सहित बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में पटना से आए सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति क्लब की ओर से आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन “वी सर्व (We Serve)” के सेवा भाव के संकल्प के साथ हुआ।
लायंस क्लब ऑफ नालंदा के छठे पदस्थापन समारोह में नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी, समाज सेवा के नए संकल्प लिए
Written by Sanjay Kumar
Published on:







