हरिओम कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के बीपीएससी विद्यालय अध्यापकों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर जिला इकाई का गठन किया। सोमवार को शहर के साठोपुर स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में जिलेभर से आए बीपीएससी विद्यालय अध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने तथा शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक चर्चा की गई।
बैठक में बीपीएससी टीचर संघ की प्रदेश अध्यक्ष बबीता चौरसिया वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं। उन्होंने शिक्षकों से संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती से ही शिक्षकों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान संभव है।
बैठक के दौरान अध्यापकों ने पूर्ण वेतनमान, स्थानांतरण नीति, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, आवास भत्ता, महंगाई भत्ता, शहरी परिवहन भत्ता तथा अन्य सेवा संबंधी सुविधाओं को लागू करने की मांग उठाई। शिक्षकों ने कहा कि इन मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार और विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
सर्वसम्मति से बीपीएससी अध्यापक संघ जिला इकाई, नालंदा का गठन किया गया। इसमें सूरज विद्यार्थी को निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुना गया। वहीं प्रवीण कुमार को प्रधान सचिव, रौशन कुमार को कोषाध्यक्ष, अभय कुमार को कार्यालय सचिव, राज आर्यन को जिला प्रवक्ता, प्रवीण कुमार को मीडिया प्रभारी तथा अमृता प्रीतम को महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा रविकांत कुमार, विकास कुमार एवं प्रीतम कुमार को सचिव तथा नवीन कुमार, गिरजानंद प्रसाद और शिव शंकर कुमार को उपाध्यक्ष चुना गया।
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष सूरज विद्यार्थी ने कहा कि जिले के प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत बीपीएससी विद्यालय अध्यापक कई महत्वपूर्ण समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से चयनित होने के बावजूद विभाग और विद्यालय स्तर पर बीपीएससी अध्यापकों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का दायित्व निभाने के बावजूद उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की एकजुटता आवश्यक है। जिला इकाई सरकार और शिक्षा विभाग के समक्ष शिक्षकों की आवाज को मजबूती से उठाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी करेगी।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने नवगठित जिला समिति को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
नालंदा में बीपीएससी शिक्षक संघ का गठन, सूरज विद्यार्थी बने जिला अध्यक्ष
Written by Sanjay Kumar
Published on:







