राजद के 30वें स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी, नालंदा में 15 सदस्यीय समिति का गठन

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के आगामी 30वें स्थापना दिवस को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में रविवार को बिहारशरीफ स्थित नालंदा जिला राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय में जिला अध्यक्ष अशोक कुमार हिमांशु की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थापना दिवस समारोह की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई और आयोजन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अशोक कुमार हिमांशु ने कहा कि आगामी 5 जुलाई को पार्टी का 30वां स्थापना दिवस पूरे जिले में उत्साह और जोश के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष Lalu Prasad Yadav तथा कार्यकारी अध्यक्ष Tejashwi Yadav के नेतृत्व में राजद सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और गरीब-शोषित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थापना दिवस को जनसंपर्क अभियान के रूप में मनाने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस समारोह को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव तथा इस्लामपुर के पूर्व विधायक राकेश कुमार रोशन के मार्गदर्शन में 15 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया गया है। समिति समारोह की तैयारियों, जनसंपर्क अभियान तथा कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी।

पूर्व विधायक राकेश कुमार रोशन ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय जनता दल हमेशा आम आदमी, किसानों, मजदूरों, युवाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कभी भी सत्ता के लिए अपने मूल सिद्धांतों और विचारधारा से समझौता नहीं किया और आगे भी सामाजिक न्याय तथा संविधान की मूल भावना की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

बैठक में स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित करने तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने की अपील की।

इस अवसर पर युवा जिला अध्यक्ष मनोज यादव, टनटन खान, अनिल कुमार अकेला, उपेंद्र मुखिया, आचार्य सरोज ठाकुर, सज्जाद शाह, पवन यादव, विनोद प्रसाद, वीरेंद्र यादव, विकास कुमार, अरविंद शर्मा, बलराम मिस्त्री सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment